15 अगस्त को कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

भारी बारिश

 

उत्तराखंड में फिर बदला मौसम, बारिश से गिरा तापमान; 15 अगस्त को कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

देहरादून: दो दिन की राहत के बाद उत्तराखंड में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहा। लगातार हुई बारिश का असर तापमान पर भी देखने को मिला और मैदान से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों तक पारा नीचे दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों में बारिश के कारण कई जगह जलभराव की स्थिति बनी, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

देहरादून में शुक्रवार तड़के शुरू हुई बारिश देर शाम तक जारी रही। सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक देहरादून में 7.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री कम 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

पिथौरागढ़ में सबसे ज्यादा बारिश

प्रदेश में शुक्रवार को सबसे अधिक बारिश पिथौरागढ़ जिले में 61.2 मिमी दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत बनी हुई है। भारी बारिश के दौरान भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने और निचले इलाकों में जलभराव जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।

15 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 15 अगस्त को उत्तराखंड में बहुत भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 15 से 17 अगस्त तक राज्य में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके बाद 18 से 21 अगस्त तक भी कई स्थानों पर भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना को लेकर भी चेतावनी दी है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

20 अगस्त तक ऐसा ही रहेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता बनी रह सकती है। 15 से 17 अगस्त तक बहुत भारी बारिश, जबकि 18 से 20 अगस्त के दौरान भारी बारिश की संभावना है। इसलिए प्रदेशवासियों को मौसम की ताजा जानकारी और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

 

uttarakhandtime
Author: uttarakhandtime

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *