लेटेस्ट न्यूज़
देहरादून में भाजपा पार्षद के घर लूट, नौकर पर परिवार को नशीला पदार्थ देने का आरोप | काशीपुर-रामनगर रोड पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात बाइक सवार की मौत | रामनगर नगर पालिका में कमिश्नर दीपक रावत का औचक छापा: स्टोर में मिला भारी हिसाब-किताब, ईओ का वेतन रोका और मुकदमे के आदेश | उत्तराखंड: राहत भरी खबर; केदारनाथ यात्रा फिर हुई शुरू, चीरबासा में रास्ता साफ होने के बाद गौरीकुंड से पैदल यात्रियों की आवाजाही बहाल | डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में बड़ा बवाल: समर्थन देने पहुंचे कांग्रेसी गिरफ्तार, एनएसयूआई पर कार्रवाई को लेकर संग्राम | उत्तरकाशी में बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन: कालिंदी ट्रेक पर फंसे 29 पर्वतारोही सुरक्षित बाहर निकाले गए, CM धामी ने ली स्थिति की जानकारी |

हर्रावाला में नवविवाहिता शिक्षिका की संदिग्ध मौत: पति, सास और ननद समेत कई लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा

हर्रावाला देहरादून

देहरादून।  देहरादून जिले के हर्रावाला क्षेत्र में नवविवाहिता शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न तथा हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति, सास, ननद समेत अन्य परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच का इंतजार किया जा रहा है।

नवंबर 2025 में हुई थी शादी

पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट निवासी सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी। सौरभ सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत बताए जाते हैं, जबकि सृष्टि सरकारी विद्यालय में प्रवक्ता (शिक्षिका) थीं। मृतका की मां सीमा कंडारी का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। उनका कहना है कि परिवार में होने वाली छोटी-बड़ी घटनाओं के लिए भी सृष्टि को जिम्मेदार ठहराया जाता था और उसे “मनहूस” तथा “अपशकुनी” कहकर अपमानित किया जाता था।

ससुर की मौत के बाद बढ़ा उत्पीड़न का आरोप , परिजनों के अनुसार, शादी के कुछ महीने बाद सृष्टि के ससुर का हार्ट अटैक से निधन हो गया। मायके पक्ष का आरोप है कि इस प्राकृतिक घटना का दोष भी सृष्टि पर मढ़ दिया गया और इसके बाद मानसिक उत्पीड़न और बढ़ गया।

मौत से पहले सामने आया कथित वीडियो

मामले में एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें सृष्टि भावुक होकर कहती सुनाई देती हैं, “मन बहुत अजीब सा हो गया है छह महीने से सह रही हूं अब और सहा नहीं जाता मनहूस हूं.. सॉरी मम्मा…”  हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि या फोरेंसिक जांच अभी नहीं हुई है। इसलिए इसकी प्रामाणिकता की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

मृतका की मां का आरोप है कि 29 जुलाई को उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। उन्होंने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी, ननद चारू और अन्य ससुराल पक्ष के लोगों की संलिप्तता का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, ससुराल पक्ष इस घटना को आत्महत्या बता रहा है। ऐसे में मौत की वास्तविक वजह का खुलासा पुलिस जांच, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस क्या कह रही है?

डोईवाला कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं ने बताया कि मृतका की मां की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल का फोरेंसिक निरीक्षण कराया गया है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, डिजिटल साक्ष्य और अन्य जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल यह मामला जांच के अधीन है। इसलिए यह स्पष्ट करना आवश्यक है कि हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई मौत संबंधी अंतिम निष्कर्ष अभी सामने नहीं आया है। पुलिस सभी पक्षों के बयान, फोरेंसिक साक्ष्य और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.

uttarakhandtime
Author: uttarakhandtime

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *