देहरादून | राजधानी के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शुमार ‘देहरादून जू’ अब वन्यजीव प्रेमियों के लिए और भी खास होने जा रहा है। चिड़ियाघर में पर्यटकों के आकर्षण को बढ़ाने के उद्देश्य से नवनिर्मित हिमालयी काला भालू बाड़े का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस नई पहल के बाद अब पर्यटक बाघ और तेंदुए जैसे वन्यजीवों के साथ-साथ भालू को भी करीब से देख पाएंगे।
केंद्रीय मानकों पर आधारित आधुनिक बाड़ा
उद्घाटन समारोह के अवसर पर प्रदेश के वन मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि इस बाड़े का निर्माण केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण की अनुमति के बाद सभी तकनीकी मानकों को ध्यान में रखकर किया गया है। उन्होंने कहा कि हिमालयी काला भालू जू के कुनबे में एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जिससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि वन्यजीव संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता भी बढ़ेगी।

