80वां स्वतंत्रता दिवस: देहरादून में सीएम धामी ने फहराया तिरंगा, बाबा रामदेव ने भ्रष्टाचार और नशे के खिलाफ चेताया
देहरादून। देशभर के साथ उत्तराखंड में भी 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया जा रहा है। देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण किया। इससे पहले मुख्यमंत्री और मौजूद अधिकारियों-कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने के लिए देश आगे बढ़ रहा है।
सीएम ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों को देश के विकास की अहम ताकत बताया। साथ ही, उत्तराखंड के संतुलित और सतत विकास के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी और खिलाड़ी सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को पदक देकर सम्मानित किया। राज्य का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी सम्मानित पुलिस अधिकारियों और खिलाड़ियों को बधाई दी।
देहरादून के परेड ग्राउंड में भी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखने को मिला। परेड में जवानों ने कदमताल की, जबकि बड़ी संख्या में लोग और राज्य आंदोलनकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
हरिद्वार में बाबा रामदेव ने भ्रष्टाचार और नशे पर जताई चिंता
हरिद्वार में योग गुरु बाबा रामदेव ने पतंजलि योगपीठ में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने भ्रष्टाचार, बेईमानी और नशे के बढ़ते चलन पर चिंता जताई।
बाबा रामदेव ने कहा कि देशवासियों को भ्रष्टाचार, बेईमानी और शोषण के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए। उन्होंने नशे को लेकर भी युवाओं और समाज को सावधान किया और कहा कि नशे को व्यक्तिगत स्वतंत्रता के नाम पर सही नहीं ठहराया जा सकता।
उन्होंने देश में जाति और धर्म के नाम पर बढ़ती दूरी तथा नफरत के माहौल पर भी चिंता व्यक्त की। बाबा रामदेव ने नशामुक्त, भ्रष्टाचारमुक्त और चरित्रवान भारत के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लेने की अपील की।



