ललितपुर: रेलवे यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। उत्तर मध्य रेलवे के ललितपुर रेलवे स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग का काम शुरू होने जा रहा है, जिसके कारण जुलाई महीने में कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे यात्रियों की सुविधा और भविष्य में बेहतर ट्रेन संचालन के उद्देश्य से 1 जुलाई से 1 अगस्त तक ललितपुर स्टेशन पर प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य कराएगा। इस कार्य के दौरान रेलवे अलग-अलग तारीखों में ब्लॉक लेगा, जिससे कई ट्रेनों को रद्द करने और कुछ ट्रेनों के मार्ग बदलने का फैसला लिया गया है। मुरादाबाद मंडल से होकर गुजरने वाली कुछ ट्रेनों पर भी इसका असर देखने को मिलेगा।
- रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गाड़ी संख्या 05074 लालकुआं-केएसआर बेंगलुरु एक्सप्रेस 11 और 18 जुलाई को रद्द रहेगी
- जबकि 05073 केएसआर बेंगलुरु-लालकुआं एक्सप्रेस 14 और 21 जुलाई को संचालित नहीं होगी।
- इसके अलावा 07363 एसएसएस हुबली-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस 13 जुलाई
- 07364 योगनगरी ऋषिकेश-एसएसएस हुबली एक्सप्रेस 16 जुलाई को निरस्त रहेगी।
वहीं कुछ ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा। हरिद्वार-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस 17 जुलाई को मथुरा-झांसी-बीना रूट की जगह मथुरा-बयाना-सोगरिया-बीना मार्ग से चलेगी। इसी तरह लोकमान्य तिलक टर्मिनल-बरेली एक्सप्रेस 13 और 20 जुलाई को बीना-गुना-ग्वालियर मार्ग से संचालित होगी। इंदौर-बरेली एक्सप्रेस भी 16 जुलाई को परिवर्तित रूट से चलेगी। रेलवे का कहना है कि यार्ड रिमॉडलिंग के बाद ट्रेनों के संचालन में सुधार होगा और स्टेशन की क्षमता बढ़ेगी। यात्रियों को किसी परेशानी से बचाने के लिए रेलवे ने अपील की है कि सफर शुरू करने से पहले ट्रेन के समय और रूट की जानकारी जरूर ले लें।
वहीं दूसरी ओर यात्रियों को राहत देते हुए रेलवे ने साबरमती-हरिद्वार साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की अवधि बढ़ा दी है। पहले यह ट्रेन 30 जून तक चलनी थी, लेकिन अब इसे जुलाई के पहले सप्ताह तक बढ़ाया गया है। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में अतिरिक्त फेरों के साथ संचालित होगी। साबरमती से यह ट्रेन हर सोमवार शाम 6:45 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 8:40 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। वहीं हरिद्वार से मंगलवार रात 9:30 बजे चलकर अगले दिन रात 10:30 बजे साबरमती पहुंचेगी। ट्रेन को रुड़की, मुजफ्फरनगर, मेरठ सिटी, गाजियाबाद, दिल्ली जंक्शन, दिल्ली कैंट और गुरुग्राम जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है।



