उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया गया है। शुक्रवार सुबह आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पांच नए विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही अब धामी कैबिनेट में मंत्रियों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है।
राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल गुरमीत सिंह ने नव नियुक्त मंत्रियों को शपथ दिलाई। यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे आयोजित किया गया, जिसमें कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी मौजूद रहे।
इन 5 विधायकों को बनाया गया मंत्री
धामी मंत्रिमंडल में शामिल किए गए नए मंत्रियों की सूची इस प्रकार है:
- हरिद्वार सीट से विधायक मदन कौशिक
- रुद्रप्रयाग से विधायक भरत चौधरी
- रुड़की से विधायक प्रदीप बत्रा
- भीमताल से विधायक राम सिंह कैड़ा
- राजपुर से विधायक खजान दास
चुनाव से पहले अहम फैसला
साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले इस कैबिनेट विस्तार को काफी अहम माना जा रहा है। सरकार ने इस विस्तार के जरिए क्षेत्रीय, जातीय और युवा संतुलन साधने की कोशिश की है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार यह कदम आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर उठाया गया है।
2022 से खाली थे कई पद
दरअसल, साल 2022 में सरकार गठन के समय मुख्यमंत्री के साथ 9 मंत्रियों ने शपथ ली थी। उस समय से ही तीन पद खाली चल रहे थे। इसके बाद 2023 में परिवहन मंत्री चंदन रामदास के निधन और 2025 में वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद कुल पांच पद खाली हो गए थे।
ये भी पढ़े : उत्तराखंड में बिजली संकट गहराया
अब 12 मंत्रियों के साथ मजबूत हुई कैबिनेट
अब पांच नए मंत्रियों के शामिल होने के बाद धामी सरकार का मंत्रिमंडल पूर्ण रूप से संतुलित नजर आ रहा है। सरकार को उम्मीद है कि इससे प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी और आगामी चुनावों में भी इसका फायदा मिलेगा।



