मंगलौर में गरजा प्रशासन का पीला पंजा

पीला पंजा

रुड़की। मंगलौर शहर में बुधवार को प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार करते हुए व्यापक अभियान चलाया। लंबे समय से सड़क घेरे बैठे अवैध कब्जों पर प्रशासन का ‘पीला पंजा’  जमकर गरजा, जिससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। यह कार्रवाई बस अड्डे से शुरू होकर हैदरी चौक तक चलाई गई।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई
अपर तहसीलदार शिवांगी के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद की टीम और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। जैसे ही बुलडोजर ने सड़क किनारे पक्के और कच्चे अतिक्रमण को ध्वस्त करना शुरू किया, कुछ स्थानीय व्यापारियों ने टीम का विरोध करने का प्रयास किया। हालांकि, प्रशासन ने विरोध को दरकिनार करते हुए कार्रवाई जारी रखी। इस दौरान सड़क किनारे रखे कई खोखे हटाए गए और नालियों के ऊपर किए गए अवैध निर्माण को तोड़ दिया गया।

सामान जब्त और चालान की कार्रवाई
अभियान के दौरान प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वाले कई दुकानदारों के भारी-भरकम चालान काटे। कुछ मामलों में सड़क पर रखा सामान भी जब्त किया गया। अपर तहसीलदार ने व्यापारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोबारा सड़क किनारे अतिक्रमण पाया गया, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ और भी कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

आम जनता ने ली राहत की सांस
जहाँ एक ओर व्यापारियों में कार्रवाई को लेकर नाराजगी दिखी, वहीं दूसरी ओर स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने इस कदम का स्वागत किया है। लंबे समय से अतिक्रमण के कारण बस अड्डे और हैदरी चौक पर जाम की स्थिति बनी रहती थी। सड़क चौड़ी दिखने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। प्रशासन का कहना है कि शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।

uttarakhandtime
Author: uttarakhandtime

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स