उत्तराखंड मौसम: भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, दो नेशनल हाईवे समेत 172 सड़कें बंद

मानसून

 देहरादून| उत्तराखंड में मानसून का कहर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने सितंबर के पहले सप्ताह में भी भारी बारिश का दौर बने रहने की चेतावनी दी है। आज यानी दो सितंबर को देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में भी गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका जताई गई है।

ऑरेंज अलर्ट जारी: देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में भारी से अति भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है।

172 सड़कें ठप: राज्य में दो नेशनल हाईवे सहित कुल 172 मार्ग बंद हैं। सबसे ज्यादा 40 सड़कें नैनीताल जिले में और 23 अल्मोड़ा में बंद हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।

सितारगंज में सबसे अधिक बारिश: पिछले 24 घंटों के दौरान सितारगंज में सबसे अधिक 180 मिमी, चोरगलिया में 154 मिमी और मालदेवता (देहरादून) में 133 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

नदियों का बढ़ा जलस्तर: लगातार बारिश के कारण उत्तरकाशी में भागीथी, चमोली में नंदाकिनी-पिंडर, रुद्रप्रयाग में अलकनंदा-मंदाकिनी और हरिद्वार में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है।

आपदा से भारी नुकसान: अप्रैल के बाद से अब तक प्रदेश में आपदा के चलते 54 लोगों की जान जा चुकी है (इनमें 10 मौतें वन्यजीव हमलों में हुई हैं)। इसके अलावा 49 लोग घायल हुए हैं और सैकड़ों मकानों को आंशिक व पूर्ण नुकसान पहुंचा है।

प्रशासन की अपील:
मौसम विभाग और प्रशासन ने नागरिकों से एहतियात बरतने की अपील की है। लोग नदी-नालों के किनारे बिल्कुल न जाएं और आकाशीय बिजली चमकने के दौरान पूरी तरह सुरक्षित स्थानों पर रहें।

 

uttarakhandtime
Author: uttarakhandtime

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स