रामनगर: और देहरादून के बीच सीधी रेल सेवा का वर्षों पुराना इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। 18 जुलाई से रामनगर देहरादून के बीच नई सीधी रेल सेवा शुरू होगी। सांसद अनिल बलूनी ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी साझा करते हुए इसे क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
रामनगर क्षेत्र के लोगों के लिए लंबे समय से चली आ रही सीधी रेल सेवा की मांग अब पूरी होने जा रही है। नैनीताल-उधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनिल बलूनी ने जानकारी दी है कि आगामी 18 जुलाई से रामनगर से देहरादून के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू की जाएगी। इस घोषणा के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। सांसद अनिल बलूनी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए बताया कि रामनगर और देहरादून के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी की मांग काफी समय से उठाई जा रही थी। उन्होंने कहा कि लगातार प्रयासों और रेलवे के सहयोग से अब इस मांग को पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कॉर्बेट सिटी के नाम से प्रसिद्ध रामनगर के लिए यह रेल सेवा विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय लोगों को देहरादून आने-जाने में सुविधा मिलेगी और यात्रा पहले के मुकाबले अधिक आसान और समय की बचत वाली होगी। रामनगर उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है और यहां हर साल बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। कॉर्बेट नेशनल पार्क के कारण रामनगर की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर है।
सांसद ने कहा कि रामनगर–देहरादून सीधी रेल सेवा शुरू होने से केवल स्थानीय यात्रियों को ही लाभ नहीं मिलेगा, बल्कि उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए भी यह सुविधा बेहद उपयोगी साबित होगी। इससे राज्य के पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
शुरुआत में सप्ताह में दो दिन चलेगी ट्रेन
अनिल बलूनी ने बताया कि शुरुआती चरण में इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में दो दिन किया जाएगा। यात्रियों की संख्या और मांग को देखते हुए भविष्य में इसके संचालन के दिनों को बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार ट्रेन के फेरे सप्ताह में चार या पांच दिन तक बढ़ाने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।
व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
नई रेल सेवा से रामनगर और देहरादून के बीच संपर्क मजबूत होगा। इससे छात्रों, कर्मचारियों, व्यापारियों और आम यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और पर्यटन से जुड़े रोजगार के अवसर बढ़ने की भी उम्मीद जताई जा रही है।सांसद अनिल बलूनी ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा उत्तराखंड की रेल परियोजनाओं को प्राथमिकता दिए जाने से राज्य में कनेक्टिविटी लगातार बेहतर हो रही है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों को इस नई सुविधा के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रामनगर–देहरादून सीधी रेल सेवा क्षेत्र के विकास और बेहतर परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।रामनगर के लोगों का मानना है कि लंबे समय से चली आ रही सीधी रेल सेवा की मांग पूरी होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। लोगों को उम्मीद है कि आने वाले समय में इस रेल सेवा के विस्तार के साथ उत्तराखंड के अन्य प्रमुख शहरों से भी रामनगर की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।



