देहरादून |उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश में अगले तीन दिनों के लिए भारी अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, 3 मई से 5 मई तक मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने की संभावना है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
विशेषकर 4 मई को राजधानी देहरादून सहित हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और रुद्रप्रयाग में भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं, 5 मई को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जैसे ऊंचाई वाले जिलों में ओलावृष्टि (Hailstorm) की आशंका जताई गई है। पिछले 24 घंटों में भी पहाड़ों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है।
किसानों के लिए एडवाइजरी जारी
मौसम विभाग ने ओलावृष्टि और तेज हवाओं को देखते हुए किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। तेज आंधी और ओलों से कटी हुई फसलों और फलों के बगीचों को भारी नुकसान पहुँच सकता है।
प्रशासन की अपील: बिजली चमकने पर सुरक्षित रहें
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें। बिजली चमकने के समय ऊंचे पेड़ों के नीचे या खुले मैदान में न जाएं। मौसम विभाग के अनुसार, 6 मई से पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होगा और मौसम साफ होने की उम्मीद है।


