मसूरी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। झड़ीपानी रोड के बार्लोगंज क्षेत्र में एक कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। दुर्गम खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद चारों शवों को बाहर निकाला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे से कुछ देर पहले कार सवार पास की एक दुकान पर रुके थे। उन्होंने कुछ सामान खरीदा और बातचीत के दौरान खुद को उत्तरकाशी का निवासी बताया। जैसे ही वे दोबारा कार में बैठे, वाहन तीव्र ढलान की ओर तेजी से बढ़ने लगा। चालक कार को नियंत्रित नहीं कर सका और वाहन सड़क किनारे बने खाली प्लॉट को पार करते हुए सीधे गहरी खाई में जा गिरा। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह वाहन के ब्रेक फेल होना बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार ढलान पर अचानक तेज गति से पीछे की ओर लुढ़कने लगी थी, जिसके बाद चालक उसे संभाल नहीं पाया।
हादसे में मृतकों की पहचान
सत्यप्रकाश निवासी सोनीपत, मनीत (19 वर्ष), सविता पत्नी धर्मवीर निवासी नेहरू नगर, गाजियाबाद (48 वर्ष) तथा संगीता पत्नी टीटू निवासी करोलबाग, दिल्ली (46 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना मसूरी पुलिस, क्षेत्राधिकारी मसूरी और पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।



