सहसपुर में सिंचाई विवाद बना हत्याकांड, भाजपा कार्यकर्ता की मौत के बाद बवाल

सहसपुर हत्याकांड

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के विकासनगर स्थित सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में शनिवार की शाम एक खूनी संघर्ष देखने को मिला। महज खेत की सिंचाई के पानी को लेकर शुरू हुए विवाद ने विकराल रूप ले लिया, जिसमें 44 वर्षीय स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता विनोद कुमार की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस हमले में विनोद के भाई अशोक, राजेश और भाभी सुषमा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका लेहमन अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घर में घुसकर हथौड़े और फावड़े से हमला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6:00 से 6:30 बजे के बीच खेत में पानी लगाने को लेकर विनोद का गांव के ही इम्तियाज के साथ विवाद हुआ था। दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश भी बताई जा रही है। इस तीखी नोकझोंक के बाद, लाठियों, लकड़ी के पट्टों, फावड़ों और हथौड़ों से लैस 40 से अधिक उपद्रवियों के एक समूह ने विनोद के घर पर धावा बोल दिया। आरोप है कि विनोद के सिर पर हथौड़े से कई वार किए गए, जिससे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। विनोद भाजपा के साथ-साथ कई हिंदूवादी संगठनों से भी जुड़े थे, जिससे घटना के बाद सांप्रदायिक तनाव फैल गया।

रविवार को भड़का आक्रोश, हाईवे जाम और पथराव

विनोद की मौत की खबर फैलते ही रविवार सुबह दक्षिणपंथी संगठनों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाते हुए देहरादून-पांवटा साहिब हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया। उग्र प्रदर्शनकारियों ने हमलावरों के घरों में तोड़फोड़ की और एक आरोपी के घर में आगजनी भी कर दी। स्थिति को संभालने पहुंची पुलिस पर भी भीड़ की तरफ से भारी पथराव किया गया, जिसमें कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। हालात को बेकाबू होते देख प्रशासन ने तुरंत इलाके में आईटीबीपी (ITBP) और भारी पुलिस बल तैनात कर फ्लैग मार्च निकाला। स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को ढांढस बंधाते हुए कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया।

मुख्यमंत्री धामी का सख्त रुख, चला बुलडोजर

इस जघन्य हत्याकांड पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने घटना की तीव्र निंदा करते हुए कहा, “उत्तराखंड की शांति और सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने की कोशिश करने वाली जिहादी और हिंसक मानसिकता को देवभूमि में किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून को चुनौती देने वालों को ऐसी सजा दी जाएगी जो नजीर बने।” मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद रविवार को ही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों की दुकान और अवैध चारदीवारी को बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया।

12 नामजद, 4 मुख्य आरोपी गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि मृतक के भाई अशोक की तहरीर पर सहसपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या), 109 (हत्या का प्रयास) सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एफआईआर में रज्जाक, इम्तियाज, अमन, यूनुस, शहबाज, शराफत अली, मासूम, आदिल, शमून, सलमान, जावेद और इंतजार समेत 12 लोगों को नामजद और 30-40 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस टीमों ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर 4 मुख्य आरोपियों—रज्जाक, सलमान, जावेद और शहबाज को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। इंटरनेट बंद होने की अफवाहों पर विकासनगर के सीओ विवेक सिंह कुटियाल ने कहा कि क्षेत्र में इंटरनेट सुचारू है और अफवाह फैलाने वालों पर दून पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।

uttarakhandtime
Author: uttarakhandtime

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *