टिहरी जनपद के भिलंगना विकासखंड के घनसाली घुमेटीधार में जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन टिहरी गढ़वाल और हिमालय रनिंग क्लब द्वारा आयोजित निशुल्क पांच दिवसीय खेल प्रशिक्षण शिविर का आज समापन हो गया। इस शिविर में घनसाली और आसपास के क्षेत्रों से करीब 50 छात्र-छात्राओं और युवा खिलाड़ियों ने भाग लिया। पूरे शिविर के दौरान खिलाड़ियों में खेलों के प्रति काफी उत्साह और सीखने की रुचि देखने को मिली।
शिविर में प्रशिक्षक अमित बिजलवाण, जयवीर रौथाण और सूर्यपाल चौहान ने खिलाड़ियों को एथलेटिक्स की विभिन्न तकनीकों के साथ कबड्डी का प्रशिक्षण भी दिया। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, फिटनेस, खेल भावना और नियमित अभ्यास के महत्व के बारे में जानकारी दी और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
समापन कार्यक्रम में आयोजक उपेंद्र प्रसाद मैठाणी, व्यायाम शिक्षक और ब्लॉक खेल समन्वयक भिलंगना ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ सही मार्गदर्शन और अवसर की है। उन्होंने कहा कि भविष्य में खेल विभाग, जिला युवा कल्याण विभाग और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ऐसे शिविर आगे भी आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करते हैं और नशामुक्त व स्वस्थ समाज बनाने में मदद करते हैं। उनका उद्देश्य है कि क्षेत्र के खिलाड़ी आगे बढ़कर राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन करें।
शिविर के सफल आयोजन के लिए खंड शिक्षा अधिकारी सुमेर सिंह कैन्तुरा, प्रधानाचार्या हेमलता चौहान, युवा कल्याण अधिकारी कुंदन सिंह, जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव संजीव नेगी, संरक्षक महेश पालीवाल, विजय राज मियां गोपेश्वर अंथ वाल सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने आयोजकों और प्रशिक्षकों की सराहना की।

