उत्तराखंड में बेरोजगारी और पलायन पर कांग्रेस का ‘काम मांगो अभियान’, ब्लॉक स्तर तक पहुंचेगा आंदोलन

CONGRESS

देहरादून: उत्तराखंड में बेरोजगारी और पलायन के मुद्दे पर कांग्रेस अब अपना अभियान ब्लॉक स्तर तक ले जाने की तैयारी में है। कांग्रेस राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की ओर से प्रदेशभर में ‘काम मांगो अभियान’ शुरू किया जाएगा। अभियान की शुरुआत चमोली जिले के जोशीमठ ब्लॉक से होगी और आगामी दो महीने तक अलग-अलग ब्लॉकों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बेरोजगारी और पलायन पर हुई चर्चा

रविवार को कांग्रेस भवन में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ललित फर्स्वाण की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। इसमें संगठन के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी दीपक राठौर भी मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, युवाओं के पलायन और स्थानीय स्तर पर रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं होने जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक के बाद प्रेसवार्ता में दीपक राठौर ने कहा कि उत्तराखंड के गांवों को मजबूत किए बिना राज्य का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल पर जोर दिया।

स्थानीय स्तर पर रोजगार पैदा करने की मांग

कांग्रेस के मुताबिक, मनरेगा, लघु एवं कुटीर उद्योग, कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और स्वरोजगार के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं। संगठन ने सरकार से सरकारी विभागों में खाली पदों पर जल्द भर्ती करने, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने और स्वरोजगार योजनाओं को प्रभावी बनाने की मांग की है।

‘रोजगार की भीख नहीं, अधिकार का काम चाहिए’

प्रदेश अध्यक्ष ललित फर्स्वाण ने सरकार पर रोजगार और स्वरोजगार को लेकर बड़े दावे करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर युवाओं को उनकी योग्यता और जरूरत के अनुसार पर्याप्त रोजगार नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने कहा कि ‘काम मांगो अभियान’ का उद्देश्य सरकार से रोजगार की भीख मांगना नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं के लिए उनके अधिकार का काम और सम्मानजनक रोजगार मांगना है।

इन जिलों में पहले चरण में अभियान

अभियान की शुरुआत चमोली जिले के जोशीमठ ब्लॉक से होगी। पहले चरण में चमोली, हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिलों में अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद अभियान को प्रदेश के अन्य ब्लॉकों तक ले जाने की योजना है।

कांग्रेस का कहना है कि अभियान के जरिए स्थानीय युवाओं के रोजगार, पलायन और गांवों में रोजगार के अवसरों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

 

uttarakhandtime
Author: uttarakhandtime

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स