हल्द्वानी के बड़े कारोबारी सुभाष गुप्ता से 7 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आने के बाद नैनीताल पुलिस अलर्ट मोड पर है। हनी ट्रैप के इस मामले ने कारोबारियों से लेकर आम लोगों तक की चिंता बढ़ा दी है। वहीं अब नैनीताल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई उन्हें हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करता है या पैसे की मांग करता है तो डरने के बजाय तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें। नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने साफ चेतावनी दी है कि ऐसे अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि हनी ट्रैप का शिकार होने पर सबसे पहले पीड़ित को अपने परिवार के लोगों से इस मामले पर खुलकर बात करनी चाहिए और उसके बाद तत्काल नजदीकी पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।उन्होंने बताया कि अक्सर हनी ट्रैप करने वाले लोग वीडियो या अन्य निजी जानकारी सार्वजनिक करने की धमकी देकर लगातार पैसों की मांग करते हैं। पीड़ित डर और बदनामी के चलते उनकी मांग पूरी करता रहता है, लेकिन जब तक पैसा मिलता रहता है, तब तक ब्लैकमेलिंग का सिलसिला भी जारी रहता है। पैसे खत्म होने के बाद वीडियो वायरल करने की धमकी दी जाती है।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में चुप रहना या ब्लैकमेलर की मांग पूरी करते रहना समस्या का समाधान नहीं है। इसलिए किसी भी तरह की धमकी या ब्लैकमेलिंग होने पर घबराएं नहीं, अपने परिवार को विश्वास में लें और पुलिस तक जरूर पहुंचें।हल्द्वानी के करोड़ों रुपये के हनी ट्रैप मामले के बाद पुलिस की यह अपील बेहद अहम है। याद रखिए, बदनामी के डर से अपराधियों को पैसा देना आपकी परेशानी बढ़ा सकता है, लेकिन समय पर पुलिस को सूचना देना उन्हें कानून के शिकंजे तक पहुंचाने में मदद कर सकता है।



