रामनगर (उत्तराखंड)। पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत के सोमवार शाम रामनगर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार नागरिक अभिनंदन किया। शिवलालपुर चुंगी पर कार्यकर्ताओं ने JCB मशीन के जरिए उन पर फूलों की भारी बारिश की। ढोल-नगाड़ों और नारेबाजी के बीच पूरा माहौल उत्साह से सराबोर नजर आया।
इस भव्य स्वागत की सबसे खास बात कांग्रेस से निष्कासित पूर्व ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी की मौजूदगी रही। संजय नेगी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ हरीश रावत का स्वागत करने पहुंचे, जिसे स्थानीय राजनीति और उनकी कांग्रेस में संभावित वापसी के दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है। इसके साथ ही पूर्व दर्जा राज्यमंत्री पुष्कर दुर्गापाल सहित कई अन्य वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
‘लोग मेरे लिए अनुष्ठान कर रहे थे…’: भावुक हुए हरीश रावत
स्वागत से गदगद पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत मीडिया से बातचीत के दौरान काफी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, “जब मैं बीमार था और चुनौती से जूझ रहा था, तब मुझे जानकारी मिल रही थी कि प्रदेश भर में लोग मेरे जल्द स्वस्थ होने के लिए पूजा-पाठ, हवन और अनुष्ठान कर रहे हैं। इस संकट के समय में अपनी जनता, भाई-बहनों और उत्तराखंड की पावन धरती के देवी-देवताओं का इतना प्यार और आशीर्वाद मिलना मेरे लिए बड़े गर्व की बात है।”
उन्होंने विशेष रूप से रामनगर की जनता और स्थानीय देवी-देवताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह यहां के लोगों के आत्मीय स्वागत से अभिभूत हैं।
प्रभारी सैलजा कुमारी के पत्र पर बोले- ‘हम अनुशासित कार्यकर्ता हैं’
उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा द्वारा यात्रा/रैली रोकने के संबंध में भेजे गए पत्र के सवाल पर हरीश रावत ने बड़ी ही समझदारी से जवाब दिया। उन्होंने कहा, “हरीश रावत कांग्रेस का एक अनुशासित कार्यकर्ता है। हम सभी अपनी पार्टी की लीडरशिप का आदर करते हैं और नेतृत्व के निर्देशों का पालन करना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।”
राजनीतिक मायने और स्थानीय समीकरण
रामनगर में हुए इस शक्ति प्रदर्शन के बाद स्थानीय और प्रदेश की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रदेश प्रभारी के निर्देशों के बावजूद इस स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन और निष्कासित नेता संजय नेगी की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि हरीश रावत रामनगर क्षेत्र में अपने जनाधार और समीकरणों को नए सिरे से साधने में जुटे हैं। JCB से हुई पुष्पवर्षा और उमड़ी भीड़ ने यह साफ कर दिया है कि कार्यकर्ताओं में हरीश रावत को लेकर आज भी भारी उत्साह है।


