देहरादून में मॉर्निंग वॉक के दौरान रिटायर्ड ब्रिगेडियर को लगी गोली

देहरादून

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई है। राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में मॉर्निंग वॉक कर रहे एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर को गोली लग गई। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह दो कार सवार युवकों के बीच वाहन ओवरटेक करने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच फायरिंग शुरू हो गई। इसी दौरान वहां मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर गोली लगने से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

दून एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सुबह करीब सात बजे कंट्रोल रूम से जौहरी गांव में दो गाड़ियों के बीच ओवरटेक को लेकर विवाद और गोलीबारी की सूचना मिली थी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। बाद में अस्पताल से जानकारी मिली कि घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई है।

पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और फायरिंग में शामिल दोनों कार सवार युवकों की तलाश की जा रही है।

 

Anjali Rawat
Author: Anjali Rawat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *