राष्ट्रीय खेलों में मेजबान उत्तराखंड ने शानदार प्रदर्शन कर नया कीर्तिमान बनाया है। अंतिम दिन एक स्वर्ण और दो रजत पदक मिलने से राज्य ने पदकों का शतक लगाया। इसमें 24 स्वर्ण, 35 रजत और 42 कांस्य पदक शामिल है।
राष्ट्रीय खेलों में कयाकिंग और कैनोइंग के मुकाबलों में उत्तराखंड की सोनिया देवी ने महिला K-1 500 मीटर स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। सर्विसेज की जी. पार्वती ने रजत पदक हासिल किया, जबकि ओडिशा की ख्वैराकपम धनामंजुरी देवी ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। वहीं, पुरुषों की K-4 500 मीटर स्पर्धा में उत्तराखंड ने रजत पदक जीता।
इससे राष्ट्रीय खेलों की पदक तालिका में पदकों की संख्या 99 हो गई थी। नेटबाल मिक्स टीम में मेजबान राज्य को एक और रजत मिलने से पदकों का शतक बनाकर उत्तराखंड ने नया रिकार्ड बना दिया।
उत्तराखंड में हुए 38वें राष्ट्रीय खेलों में सर्विसेज 66 स्वर्ण सहित 117 पदकों के साथ शीर्ष पर रहा। वहीं, दूसरे नंबर पर रहे महाराष्ट्र ने कुल 188 पदक जीते। इसमें 52 स्वर्ण, 68 रजत और 68 कांस्य पदक शामिल हैं। जबकि हरियाणा पदक तालिका में 44 स्वर्ण सहित 145 पदकों के साथ तीसरे नंबर पर रहा।
