प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। पिछले कई दिनों से तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण लोग परेशान हैं। मैदानी क्षेत्रों में गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, जबकि पहाड़ी इलाकों में भी तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। ऐसे में मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान लोगों के लिए राहत भरी खबर लेकर आया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून के अनुसार आगामी दिनों में उत्तराखंड के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
28 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में मौसम ज्यादा खराब रहने की संभावना है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। इसके साथ ही गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओले गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
वहीं 29 मई को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार इन जिलों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। खासतौर पर पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने जैसी समस्याएं भी सामने आ सकती हैं। इसके अलावा 30 और 31 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि खराब मौसम के दौरान पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वाले लोग विशेष सावधानी बरतें। नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास जाने से बचें। तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए खुले स्थानों में खड़े रहने से भी बचने की सलाह दी गई है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से मौसम को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा न करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने लोगों से अपील की कि तेज बारिश और बिजली चमकने के समय पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर भवनों से दूर रहें।
मौसम में बदलाव के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। हालांकि मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की अपील की है।
यह भी पढ़े; एफआरआई आज से पर्यटकों के लिए खुला, विदेशी नागरिकों पर बढ़ा शुल्क



