देशभर में आज ईद उल-अदा का त्योहार श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। हरिद्वार जनपद में भी मुस्लिम समुदाय ने मस्जिदों और ईदगाहों में पहुंचकर ईद की नमाज अदा की और मुल्क में अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी।
त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी थाना इलाकों में सुबह से ही पुलिस टीमें तैनात रहीं। मस्जिदों, ईदगाहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। सभी थानाध्यक्षों को भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन के विशेष इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया।
पुलिस द्वारा लगातार गश्त और निगरानी की गई। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के लिए पुलिस टीमों को सतर्क रखा गया। वहीं सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर रही ताकि अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। प्रशासन ने लोगों से शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने तथा किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने की अपील की है।
यह भी पढ़े: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरा आज



