चार धाम यात्रा 2026: ग्रीन कार्ड से आसान होगी यात्रा

चार धाम यात्रा 2026

हरिद्वार। चार धाम यात्रा 2026 को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित आरटीओ कार्यालय में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने ग्रीन कार्ड योजना का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत हवन-पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ की गई।

इस अवसर पर मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि ग्रीन कार्ड एक आधुनिक और सुविधाजनक व्यवस्था है, जिससे ट्रैवल व्यवसायियों और यात्रियों को अलग-अलग परमिट और कागजी प्रक्रियाओं से राहत मिलेगी। अब एक ही कार्ड के माध्यम से यात्रा से जुड़ी कई जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जा सकेंगी। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि पूरी व्यवस्था अधिक पारदर्शी और सरल बनेगी।

उन्होंने कहा कि चार धाम यात्रा के दौरान हर साल लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा, सुरक्षा और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से यात्रा प्रबंधन को तकनीक से जोड़ते हुए यह नई पहल की गई है।

मंत्री ने आगे बताया कि सरकार यात्रा को और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार नए कदम उठा रही है। उत्तराखंड के नारसन बॉर्डर पर एक आधुनिक सूचना केंद्र स्थापित किया जा रहा है, जहां यात्रियों और ट्रैवल व्यवसायियों को मार्गदर्शन, आवश्यक जानकारी और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

ये भी पढ़े : हरिद्वार पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल

इसके साथ ही वहां एक विश्राम केंद्र भी बनाया जा रहा है, ताकि लंबी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को आराम की बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार यात्रा मार्गों पर सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

 

Anjali Rawat
Author: Anjali Rawat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *