हरिद्वार: निठारी कांड से जुड़े मामलों में सुप्रीम कोर्ट से बरी किए गए सुरेंद्र कोली उर्फ सदाराम की हरिद्वार में हुई मौत के मामले में पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टरों की जांच जारी है। तीन दिन की जांच के बाद मंगलवार को रिपोर्ट पुलिस को सौंपे जाने की बात सामने आई है। डॉक्टरों की अब तक की जांच में आत्महत्या की ओर संकेत मिलने की जानकारी सामने आई है, हालांकि पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने से पहले किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।
सुरेंद्र कोली 18 सितंबर को हरिद्वार के सप्तसरोवर मार्ग स्थित वैष्णो देवी मंदिर के सामने एक चाय के खोखे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले थे। पुलिस ने प्रथमदृष्टया आत्महत्या की आशंका के आधार पर जांच शुरू की थी। इसके बाद वीडियोग्राफी के बीच डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को वरिष्ठ डॉक्टरों और विशेषज्ञों ने पोस्टमार्टम के दौरान बनाई गई वीडियोग्राफी का अध्ययन किया। इस दौरान गले पर मिले रस्सी के निशान और नाक से खून आने समेत अन्य बिंदुओं की भी जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि अभी तक की जांच में आत्महत्या के तथ्य सामने आ रहे हैं।
हालांकि, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के कारण को लेकर आधिकारिक रूप से कुछ कहा जा सकेगा। पुलिस पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
सुरेंद्र कोली को निठारी से जुड़े सभी 13 मामलों में अंततः अदालतों से राहत मिली थी और सुप्रीम कोर्ट से भी उसकी बरी होने की स्थिति बरकरार रही थी। उसकी मौत के बाद पुलिस मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही है।



