देहरादून/सेलाकुई: सेलाकुई थाना क्षेत्र के जमनपुर में सोमवार देर रात जन्मदिन की खुशी के बीच हुई मामूली कहासुनी खूनी विवाद में बदल गई। विवाद के दौरान एक युवक ने दूसरे युवक के सीने पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राजपाल (25) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले का निवासी बताया जा रहा है। वहीं आरोपी की पहचान जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात जमनपुर में जितेंद्र कुमार की बेटी का जन्मदिन था। इसी दौरान बिल्डिंग के पास रहने वाले राजपाल और जितेंद्र के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।
पुलिस का कहना है कि दोनों ने शराब पी रखी थी। विवाद बढ़ने पर जितेंद्र कुमार ने चाकू से राजपाल के सीने पर वार कर दिया। चाकू लगने से राजपाल गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घायल राजपाल को 108 एंबुलेंस की मदद से झाझरा स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी जितेंद्र कुमार मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पहले भी हुआ था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि राजपाल और जितेंद्र के बीच करीब 10 से 15 दिन पहले भी पीने-खाने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद से दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। पुलिस अब इस पुराने विवाद समेत घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस जांच में जुटी
थाना प्रभारी शैंकी कुमार के अनुसार, सोमवार देर रात कंट्रोल रूम के माध्यम से घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम जमनपुर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस ने मृतक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जाएगी। घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों, पुराने विवाद और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।



