देहरादून | पटेलनगर : देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र में तीन तलाक और महिला उत्पीड़न से जुड़ा मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पति पर मारपीट, उत्पीड़न और तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। महिला का यह भी आरोप है कि पति ने दोबारा साथ रहने के लिए उस पर बहनोई के साथ कथित हलाला करने का दबाव बनाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति फरमान को गिरफ्तार कर लिया है।
करीब दो साल पहले हुआ था निकाह
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, महिला का निकाह करीब दो वर्ष पहले बिजनौर के किरतपुर निवासी फरमान से हुआ था। शादी के बाद दोनों देहरादून आकर आजाद कॉलोनी में किराए के मकान में रहने लगे थे। महिला की मां और बहन भी आसपास रहती थीं।
तीन महीने पहले तीन तलाक देने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि करीब तीन महीने पहले उसके पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। उस समय उसकी बहन भी मौके पर मौजूद थी। तलाक के बाद महिला मायके चली गई, लेकिन उसने अपने वैवाहिक जीवन को बचाने और पति के साथ दोबारा रहने की कोशिश की। तहरीर के अनुसार, 14 जुलाई को महिला अपने पति के गांव स्थित घर पहुंची और पति व ससुराल पक्ष से दोबारा साथ रखने की गुहार लगाई। आरोप है कि वहां उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद वह वापस देहरादून आ गई।
दोबारा साथ रहने के लिए हलाला का दबाव?
महिला का आरोप है कि कुछ दिन बाद उसका पति देहरादून आया और माफी मांगते हुए दोबारा साथ रहने की बात कही। हालांकि, महिला के मुताबिक इसके बाद पति ने कथित तौर पर शर्त रखी कि अगर वह दोबारा उसकी पत्नी बनकर रहना चाहती है तो पहले बहनोई के साथ हलाला करना होगा। महिला ने पुलिस को बताया कि वह इस कथित शर्त के लिए तैयार नहीं थी और इसके बावजूद उस पर दबाव बनाया जाता रहा।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी पति गिरफ्तार
महिला की शिकायत के आधार पर पटेलनगर थाना पुलिस ने फरमान और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने फरमान को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच उपनिरीक्षक नीमा को सौंपी गई है।
पुलिस अब महिला द्वारा लगाए गए आरोपों, मोबाइल संदेशों, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है



