शुद्धिकरण’ पर कांग्रेस का सीएम आवास घेराव: बारिश के बीच कार्यकर्ताओं का शक्ति प्रदर्शन, कई नेता हिरासत में

देहरादून :हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल के ‘शुद्धिकरण’ का मामला अब तूल पकड़ चुका है। इसके विरोध में आज कांग्रेस ने उग्र प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया। तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।

पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
हल्द्वानी की घटना और राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता आक्रोशित नजर आए।

प्रदर्शनकारियों ने सीएम आवास की ओर कूच किया, लेकिन हाथीबड़कला के पास पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग ने उन्हें रोक दिया।

इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई।

हालात को काबू करने के लिए पुलिस ने प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा समेत कई प्रमुख नेताओं को हिरासत में लिया।

भाजपा सरकार पर तीखा हमला
उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने सरकार पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने राज्य के लोगों की भावनाओं के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की रैली के बाद भाजपा ने अपने ही लोगों के जरिए कार्यक्रम स्थल का शुद्धिकरण कराया, जो आगामी चुनावों को प्रभावित करने के लिए अपनाए जा रहे हथकंडों का हिस्सा है।

हरीश रावत का एक घंटे का मौन व्रत
दिल्ली स्थित अपने आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने राज्य में चल रहे इस विवाद के विरोध में एक घंटे का मौन व्रत रखा। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि उत्तराखंड में अस्पृश्यता और अपमानकारी छुआछूत को संरक्षण देने वाली ताकतों के खिलाफ संघर्ष चल रहा है। इस संघर्ष में अपनी नैतिक भागीदारी दर्ज कराने के लिए उन्होंने भगवान से सामाजिक भेदभाव पैदा करने वाली शक्तियों को पराजित करने की प्रार्थना की।

कांग्रेस को मिला नया समर्थन
प्रदर्शन के दौरान कई जाने-माने चेहरों ने कांग्रेस का दामन थामा। पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले प्रमुख नाम निम्नलिखित हैं:

यशपाल राणा (पूर्व मेयर, रुड़की)

भुवनेश खर्कवाल (पूर्व प्रमुख, यमकेश्वर कोटद्वार)

मनोज सैनी (पूर्व प्रधानाचार्य एवं पूर्व अध्यक्ष, गन्ना समिति हरिद्वार)

रामकुमार वालिया (पूर्व दर्जा राज्य मंत्री)

रविन्द्र आनन्द (पूर्व अध्यक्ष, मंडी समिति देहरादून)

एडवोकेट सचिन कुमार (पुरोला)

uttarakhandtime
Author: uttarakhandtime

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *