केदारनाथ यात्रा मार्ग पर हादसा: गौरीकुंड के आगे खाई में गिरा यात्री, तलाश में जुटी रेस्क्यू टीमें

केदारनाथ

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोमवार सुबह एक यात्री के खाई में गिरने की सूचना से हड़कंप मच गया। हादसा गौरीकुंड से आगे छौड़ी गधेरे के पास हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ और आपदा राहत दलों को मौके के लिए रवाना किया गया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, घटना की सूचना सोमवार सुबह करीब 10:06 बजे मिली। इसके बाद एसडीआरएफ सोनप्रयाग, गौरीकुंड के सेक्टर अधिकारी, डीडीआरएफ, वाईएमएफ और आपदा मित्र टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया।

रेस्क्यू टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर खाई में गिरे यात्री की तलाश में जुट गई हैं। फिलहाल यात्री की पहचान, वह कितनी गहराई में गिरा और उसकी स्थिति को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में यात्री की मौत या घायल होने की पुष्टि करना अभी जल्दबाजी होगी।

गौरतलब है कि केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर मौसम और पहाड़ी से गिरने वाले पत्थरों के कारण लगातार सतर्कता बरती जा रही है। सोमवार को ही चीरबासा के पास पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से महाराष्ट्र की एक महिला तीर्थयात्री की मौत की घटना भी सामने आई। इस घटना के बाद मार्ग पर करीब तीन घंटे तक यात्रियों की आवाजाही प्रभावित रही, जिसके बाद रास्ता साफ कर यात्रा दोबारा शुरू कराई गई।

प्रशासन और राहत-बचाव टीमें फिलहाल छौड़ी गधेरे के पास हुए हादसे में यात्री की तलाश कर रही हैं। यात्री की स्थिति को लेकर आधिकारिक अपडेट का इंतजार है। केदारनाथ यात्रा से जुड़ी आधिकारिक जानकारी के लिए रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन के यात्रा पोर्टल पर अपडेट देखे जा सकते हैं।

 

uttarakhandtime
Author: uttarakhandtime

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स