यूट्यूबर की मौत: नई बाइक, नया सफर… जरा सी चूक ने छीन ली जिंदगी

सहसपुर

सहसपुर। बल्लमपुर-पांवटा फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर हिंदूवाला के पास शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में रुड़की के बढ़ेड़ी राजपूतान निवासी यूट्यूबर आस मोहम्मद उर्फ ‘आशु यूके राइडर’ की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब नई स्पोर्ट्स बाइक की डिलीवरी लेने के बाद वह पांवटा साहिब की ओर जा रहे थे। तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आस मोहम्मद सड़क पर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

आस मोहम्मद सोशल मीडिया पर बाइक राइडिंग और स्टंट से जुड़े वीडियो बनाते थे। उनके वीडियो युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय थे। हादसे ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर रोमांचक वीडियो और तेज रफ्तार बाइकिंग के बढ़ते चलन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया गया कि हादसे के समय उन्होंने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन टक्कर के दौरान हेलमेट भी सिर से निकलकर दूर जा गिरा।

नई बाइक की खुशी मातम में बदली

परिजनों के लिए नई बाइक की खुशी कुछ ही देर में मातम में बदल गई। जिस बेटे के नई बाइक लेकर लौटने का इंतजार था, उसके हादसे में मौत की खबर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। हादसे ने यह भी सवाल खड़ा किया है कि सड़क पर कुछ पल का रोमांच आखिर कितनी बड़ी कीमत में बदल सकता है।

हेलमेट जरूरी, लेकिन रफ्तार पर नियंत्रण भी जरूरी

सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक हेलमेट दुर्घटना में सिर की गंभीर चोट से बचाव का महत्वपूर्ण साधन है, लेकिन यह हादसे से बचने की गारंटी नहीं है। स्पोर्ट्स बाइक तेज गति पकड़ने में सक्षम होती हैं। ऐसे में हाईवे पर गति नियंत्रित रखना, सुरक्षित दूरी बनाए रखना और सड़क की परिस्थितियों के अनुसार वाहन चलाना बेहद जरूरी है।

पुलिस ने युवाओं से की अपील

सहसपुर कोतवाली प्रभारी प्रदीप रावत ने युवाओं से यातायात नियमों का पालन करने और तेज रफ्तार से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वीडियो और फॉलोवर बढ़ाने की होड़ में अपनी जान जोखिम में डालना समझदारी नहीं है। हाईवे पर बाइक चलाते समय हेलमेट पहनने के साथ-साथ गति पर नियंत्रण और सड़क पर पूरा ध्यान केंद्रित करना जरूरी है।

 

uttarakhandtime
Author: uttarakhandtime

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *