नंदानगर-सुतोल मार्ग पर अचानक भूस्खलन, तीन वाहन क्षतिग्रस्त

चमोली

नंदानगर-सुतोल मार्ग पर अचानक भूस्खलन, तीन वाहन क्षतिग्रस्त; स्कूटी मलबे में दबने की सूचना

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में नंदानगर-सितेल-सुतोल मार्ग पर बृहस्पतिवार दोपहर अचानक भूस्खलन होने से अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय जानकारी के अनुसार, नंदानगर बाजार से करीब 100 मीटर आगे टैक्सी स्टैंड के ऊपर पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पेड़ सड़क पर आ गिरे।

बताया जा रहा है कि भूस्खलन की चपेट में आने से टैक्सी स्टैंड पर खड़ी दो कार और एक कैंपर वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, एक स्कूटी के मलबे में दबने की सूचना है। भूस्खलन के कारण मार्ग पर यातायात भी बाधित हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना दोपहर करीब दो बजे हुई। भूस्खलन के बाद भी पहाड़ी से रुक-रुककर पत्थर गिरने का सिलसिला जारी है। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने मौके पर बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोक दी है।

फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पर नजर रखी जा रही है। सड़क से मलबा हटाने और यातायात बहाल करने की कार्रवाई प्रशासन की ओर से किए जाने की जानकारी सामने आई है।

 

uttarakhandtime
Author: uttarakhandtime

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *