हल्द्वानी: शहर के गोरापड़ाव क्षेत्र में बुधवार देर रात खुद को पुलिस की एसओजी टीम बताकर कुछ लोगों द्वारा लूट की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार से पहुंचे करीब 8 से 10 लोगों ने कार्यालय में पार्टी कर रहे लोगों को धमकाकर वहां मौजूद नकदी और जेवरात लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव क्षेत्र के एक कार्यालय में कुछ लोग देर रात पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान एक कार वहां आकर रुकी। कार से उतरे लोगों ने खुद को पुलिस की एसओजी टीम का सदस्य बताया और लोगों को डराना-धमकाना शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी समझकर मौके पर मौजूद लोग विरोध नहीं कर सके। आरोपियों ने वहां मौजूद जुए में लगी रकम अपने कब्जे में ले ली। इसके अलावा लोगों से अंगूठियां और गले में पहनी चेन भी उतरवा ली गईं। वारदात के बाद सभी आरोपी कार में सवार होकर बरेली रोड की तरफ फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। एसपी सिटी मनोज कत्याल के अनुसार, वारदात के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं। सर्विलांस टीम को भी जांच में लगाया गया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का प्रयास है कि जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचकर पूरे मामले का खुलासा किया जाए। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही लूटी गई रकम व जेवरात की वास्तविक कीमत तथा वारदात में शामिल सभी लोगों की पूरी जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।



