1. देहरादून: शौक और खर्चों को पूरा करने के लिए इंजीनियर बना वाहन चोर
देहरादून: राजधानी के कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी की 7 अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया हुआ है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 बुलेट मोटरसाइकिलों सहित कुल 13 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी सुनसान जगहों पर खड़े वाहनों को निशाना बनाते थे। पुलिस को गुमराह करने के लिए वे चोरी के बाद वाहनों की नंबर प्लेट हटा देते थे और गली-मोहल्लों के रास्ते फरार हो जाते थे। ये शातिर चोर अपने महंगे खर्चों को पूरा करने के लिए चोरी की गाड़ियां अपने परिचितों को किराए पर देते थे या सही ग्राहक मिलने पर बेच देते थे।
2. खटीमा: आम की बगिया में छिपाकर रखी थीं 8 चोरी की बाइकें
खटीमा:सीमांत शहर खटीमा में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। झनकट चौकी पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो नाबालिग किशोरों को एक चोरी की बाइक (UP23AE1186) के साथ दबोचा।
कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों किशोरों ने जो सच बताया, उससे पुलिस भी हैरान रह गई। उनकी निशानदेही पर ओकलैण्ड होटल के पास एक आम की बगिया में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखी गईं सात अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। इस प्रकार पुलिस ने कुल 8 चोरी की बाइकें बरामद कर एक तरह से चोरों का मिनी ‘शोरूम’ ही पकड़ लिया। बरामद बाइकों में 7 अगस्त को चोरी हुई एक अन्य बाइक (UK06BN-6698) भी शामिल है।



