देहरादून: बड़ासी ग्रांट में हाथी के हमले में महिला की मौत, इलाके में दहशत

अंजली गुप्ता

देहरादून: जिले के थानो न्याय पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत बड़ासी ग्रांट गांव में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। जंगली हाथी के हमले में गंभीर रूप से घायल हुई महिला की देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान अंजली गुप्ता (पत्नी अश्वनी गुप्ता), निवासी धनियाडी बड़ासी ग्रांट के रूप में हुई है। अंजली गुप्ता एयरपोर्ट-रायपुर मुख्य मार्ग पर धनियाडी में एक रेस्टोरेंट संचालित करती थीं।

परिजनों के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7:15 बजे अंजली अपने मायके से दूध लेकर वापस रेस्टोरेंट की ओर लौट रही थीं। जैसे ही वह गांव की गली से गुजर रही थीं, वहां खड़े एक जंगली हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हाथी के हमले से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं।

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की आवाज सुनकर हाथी वहां से जंगल की ओर चला गया। इसके बाद ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल अंजली को तुरंत उपचार के लिए देहरादून स्थित सीएमआई अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों के अनुसार हाथी के हमले में अंजली की कई पसलियां टूट गई थीं और उनकी हालत बेहद गंभीर थी। उन्हें अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद देर रात उनकी मौत हो गई।

मृतका के छोटे भाई अखिलेश मनवाल ने बताया कि उनकी बहन शाम को उनके घर से दूध लेकर अपने रेस्टोरेंट लौट रही थी। इसी दौरान हाथी ने अचानक हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि परिवार को उम्मीद थी कि इलाज से उनकी जान बच जाएगी, लेकिन रात में अस्पताल से निधन की सूचना मिली।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश दोनों हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है और पहले भी कई बार जंगली हाथी आबादी के करीब पहुंच चुके हैं। लोगों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने, हाथियों की निगरानी करने और आबादी वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

वन विभाग की टीम ने घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र का निरीक्षण किया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

फिलहाल पुलिस और वन विभाग की टीम आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है। महिला की मौत से परिवार में शोक की लहर है और गांव में मातम पसरा हुआ है.

#

uttarakhandtime
Author: uttarakhandtime

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स