भारतीय डाक विभाग के पौड़ी पोस्टल डिवीजन ने आम लोगों की सुविधा के लिए दो नई पार्सल सेवाएं शुरू की हैं। इन सेवाओं के जरिए अब लोग देश के किसी भी हिस्से में 35 किलो तक का सामान जल्दी और सुरक्षित तरीके से भेज सकेंगे।
डाक विभाग ने स्पीड पोस्ट पार्सल सेवा के साथ ऑनलाइन ट्रैकिंग और आसान बुकिंग की सुविधा भी शुरू की है। श्रीनगर शिक्षा का प्रमुख केंद्र होने के कारण यह सेवा विद्यार्थियों के लिए भी काफी उपयोगी मानी जा रही है।
डाक निरीक्षक श्रीनगर रूपेश मलियाल ने बताया कि भारतीय डाक विभाग लगातार अपनी सेवाओं को बेहतर, आधुनिक और लोगों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने का काम कर रहा है। नई स्पीड पोस्ट पार्सल सेवा के तहत कम शुल्क में 500 ग्राम से लेकर 35 किलो तक का पार्सल देश के किसी भी हिस्से में भेजा जा सकता है।
पार्सल बुकिंग की प्रक्रिया हुई आसान
इस सेवा में तेज डिलीवरी, ऑनलाइन ट्रैकिंग और सुरक्षित पार्सल भेजने की सुविधा दी जा रही है। इससे व्यापारियों, विद्यार्थियों, सरकारी संस्थानों और आम लोगों को काफी फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि डाक विभाग का बड़ा नेटवर्क दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों तक भी बेहतर सेवाएं पहुंचा रहा है।
पोस्ट मास्टर श्रीनगर संजय कुमार ने बताया कि इंडिया पोस्ट पार्सल सर्विस और स्पीड पोस्ट पार्सल सेवा के तहत ग्राहकों के लिए पार्सल बुकिंग की प्रक्रिया को और आसान बनाया गया है। अब ग्राहक अपने नजदीकी डाकघर में जाकर आसानी से पार्सल बुक कर सकते हैं और ऑनलाइन माध्यम से उसकी स्थिति भी देख सकते हैं।
उन्होंने कहा कि विभाग “कहीं भी, कभी भी बुकिंग” की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। भारतीय डाक विभाग कम खर्च में भरोसेमंद सेवा उपलब्ध करा रहा है, इसलिए ज्यादा से ज्यादा लोग इन नई सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। पार्सल का शुल्क उसके वजन के अनुसार तय किया गया है और इस सेवा के जरिए 35 किलो तक का सामान भेजा जा सकता है।
यह भी पढ़े : भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी



