देहरादून स्थित शिक्षा निदेशालय में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद प्रदेश में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।घटना के दौरान रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ भी मौके पर मौजूद थे। मामले के सामने आने के बाद विभिन्न स्तरों पर प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
विधायक ने जताया खेद
रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने शनिवार को बयान जारी कर घटना पर खेद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह घटना “जाने-अनजाने” में हुई और वह इससे जुड़े सभी पक्षों से माफी मांगते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अपने क्षेत्र में एक विद्यालय के लिए डेढ़ बीघा जमीन दान देने वाले परिवार के साथ शिक्षा निदेशालय पहुंचे थे। परिवार की मांग थी कि विद्यालय का नामकरण दानदाता पदम् सिंह रावत के नाम पर किया जाए।
लंबित प्रकरण के चलते बढ़ा तनाव
विधायक के अनुसार, यह मामला काफी समय से लंबित था। बातचीत के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने विवाद को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान यह अप्रिय घटना हो गई। उन्होंने यह भी कहा कि जनहित के कार्यों में उन्हें हमेशा अधिकारियों और कर्मचारियों का सहयोग मिला है और उन्होंने भी हमेशा उनका सम्मान किया है।
ये भी पढ़े : 9 मार्च से गैरसैंण में होगा बजट सत्र
आगे की स्थिति पर नजर
घटना के बाद से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज है। फिलहाल विधायक ने सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करते हुए मामले को शांत करने की कोशिश की है। अब देखना होगा कि इस प्रकरण में प्रशासनिक स्तर पर आगे क्या कार्रवाई होती है।



