सितारगंज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शक्तिफार्म स्थित स्वामी विवेकानंद बंग भवन में बांग्ला फ़िल्म ‘खनन–23’ के विशेष निःशुल्क प्रीमियर शो का भव्य और गरिमामय आयोजन किया गया। यह फ़िल्म उत्तराखंड–उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक भूमि पर निर्मित बांग्ला भाषा की पहली टॉलीवुड फ़िल्म होने के कारण पहले से ही चर्चा का विषय बनी हुई है।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा तथा दर्जा राज्यमंत्री उत्तम दत्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने फ़िल्म की पूरी टीम को हार्दिक बधाई देते हुए उनके प्रयासों की खुलकर प्रशंसा की।
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि उत्तराखंड में फ़िल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं और राज्य सरकार फिल्म उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘खनन–23’ जैसी फिल्में स्थानीय संस्कृति और सामाजिक मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का कार्य करेंगी।
वहीं दर्जा राज्यमंत्री उत्तम दत्ता ने फ़िल्म टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विभाजन के बाद बंग समाज को जिन बुनियादी समस्याओं का सामना करना पड़ा, उन विषयों पर और अधिक फिल्मों का निर्माण होना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी अपनी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और सामाजिक संघर्षों से परिचित हो सके।
ये भी पढ़े : कैबिनेट मंत्री के आश्वासन के बाद स्थगित हुआ धरना
कार्यक्रम के दौरान दर्शकों में भारी उत्साह देखने को मिला। प्रीमियर शो के बाद फ़िल्म की टीम से संवाद भी किया गया, जिसमें कलाकारों और निर्माताओं ने फिल्म से जुड़े अनुभव साझा किए। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन क्षेत्र में कला और सिनेमा को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाते हैं।



