देहरादून में दर्दनाक हादसा: तेज बरसाती बहाव में बही क्रेटा कार; युवक समेत दो की मौत, एक युवती घायल

देहरादून

देहरादून:  प्रेमनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दर्दनाक हादसे में तेज बरसाती बहाव में एक क्रेटा कार बह गई। इस हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवती को सुरक्षित बचा लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात्रि लोअर कंडोली, पौंधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास एक क्रेटा कार (RJ 13 CE 5641) अचानक आए तेज बरसाती बहाव की चपेट में आकर बह गई। घटना की सूचना मिलते ही अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में SDRF की टीम डाकपत्थर से तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

SDRF का रातभर चला रेस्क्यू अभियान
घटनास्थल पर पहुंचकर SDRF टीम ने प्रतिकूल मौसम और रात के अंधेरे जैसी कठिन परिस्थितियों के बावजूद तुरंत सर्चिंग और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

घायल युवती का रेस्क्यू: लगातार खोजबीन के दौरान घटनास्थल से लगभग 2 किलोमीटर दूर सहज (पुत्री गुलशन बवेजा) नामक युवती को घायल अवस्था में सुरक्षित बाहर निकाला गया। उसे तुरंत पुलिस के सुपुर्द कर अस्पताल भेजा गया।

शव बरामद: रातभर चले अथक प्रयासों के बाद बचाव दल ने वाहन में सवार अक्षय (पुत्र मुकेश, उम्र 20 वर्ष, निवासी जयपुर, राजस्थान) और एक अन्य युवती के शव बरामद कर लिए।

एसडीआरएफ के जवानों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और तेज बहाव के बीच पूरी रात लगातार सर्चिंग अभियान चलाकर अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन किया। पुलिस द्वारा दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

विशेष अपील: प्रशासन द्वारा लगातार अपील की जा रही है कि बरसात के दिनों में बरसाती नालों, उफनाते नदी-नालों और पुलों के पार वाहन ले जाने से बचें, ताकि ऐसी अनहोनी घटनाओं से बचा जा सके।

uttarakhandtime
Author: uttarakhandtime

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स