देहरादून। भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए), देहरादून में शनिवार को आयोजित 158वीं पासिंग आउट परेड (POP) इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस भव्य समारोह में कुल 515 जेंटलमैन कैडेट्स ने अंतिम पग पार कर भारतीय सेना और मित्र देशों की सेनाओं में अधिकारी के रूप में कदम रखा।
इनमें 481 भारतीय जेंटलमैन कैडेट्स और 16 मित्र देशों के 34 कैडेट्स शामिल रहे। इस परेड की सबसे खास उपलब्धि यह रही कि पहली बार आईएमए से नौ महिला सैन्य अधिकारियों को कमीशन मिला और उन्होंने भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी संभाली। यह भारतीय सैन्य इतिहास में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
शनिवार सुबह निर्धारित समय 6:40 बजे पर परेड की शुरुआत हुई। परेड ग्राउंड पर कैडेट्स ने शानदार कदमताल, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आईएमए पहुंचने के बाद चैटवुड भवन में पहुंचीं, जहां उन्होंने परेड की सलामी ली और कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया।इस अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सेना के वरिष्ठ अधिकारी, कैडेट्स के परिजन और बड़ी संख्या में विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
परेड के दौरान जब कैडेट्स ने परंपरागत ‘अंतिम पग’ पार किया तो पूरा परेड ग्राउंड तालियों की गूंज से गूंज उठा। यह पल हर कैडेट के लिए वर्षों की कठिन ट्रेनिंग, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक बन गया। इसके बाद आयोजित पिपिंग सेरेमनी में नव नियुक्त अधिकारियों के कंधों पर रैंक सजाई गई। इस भावुक अवसर पर परिवार के सदस्यों ने अपने बेटों और बेटियों के कंधों पर सितारे लगाकर गर्व और खुशी का अनुभव किया।
आईएमए की यह पासिंग आउट परेड केवल सैन्य परंपराओं का प्रदर्शन नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा, अनुशासन, साहस और सेवा भावना का प्रतीक भी रही। राष्ट्रपति मुर्मू ने नव नियुक्त अधिकारियों को राष्ट्रसेवा के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनसे भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
आईएमए 158वीं पासिंग आउट परेड : पुरस्कार विजेताओं की सूची
1. ऑफिसर कैडेट विशाल कुमार
स्वॉर्ड ऑफ ऑनर (बेस्ट अमंग ऑफिसर कैडेट्स)
गोल्ड मेडल (आरईजी कोर्स में प्रथम स्थान)
2. ऑफिसर कैडेट प्रिंस राज
सिल्वर मेडल (आरईजी कोर्स में द्वितीय स्थान)
3. ऑफिसर कैडेट तेजस भट्ट
ब्रॉन्ज मेडल (आरईजी कोर्स में तृतीय स्थान)
4. ऑफिसर कैडेट हृषभ मिश्रा
टीजीसी सिल्वर मेडल (टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स में प्रथम स्थान)
5. ऑफिसर कैडेट बोधराज थापा
गोल्ड मेडल (स्पेशल कमीशन)
6. ऑफिसर कैडेट करन पांडे
सिल्वर मेडल (टीईएस कोर्स में प्रथम स्थान)
7. बांग्लादेश के कैडेट
बेस्ट फॉरेन कैडेट पुरस्कार
158वीं पासिंग आउट परेड ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि भारतीय सैन्य अकादमी देश को ऐसे अधिकारी दे रही है, जो हर परिस्थिति में राष्ट्र की रक्षा के लिए समर्पित हैं। वहीं पहली बार नौ महिला अधिकारियों का कमीशन प्राप्त करना इस ऐतिहासिक समारोह की सबसे बड़ी उपलब्धि बनकर उभरा।



