हल्द्वानी से बड़ी खबर सामने आई है, जहां एमबी मैदान में आज ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ अभियान के तहत एक जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया और बड़ी संख्या में मौजूद स्कूली बच्चों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के लिए सरकार हर स्तर पर लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि स्कूलों और कॉलेजों में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को नशे की लत से दूर रखा जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस प्रशासन नशे के तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है और दोषियों को जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने नशे को समाज की सबसे बड़ी बुराइयों में से एक बताते हुए कहा कि इससे लड़ने के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर प्रयास करना होगा।
ये भी पढ़े : PM मोदी के देहरादून दौरे पर कांग्रेस का सवाल
सीएम धामी ने वर्ष 2026 तक ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ बनाने के लक्ष्य को दोहराते हुए कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे खुद भी नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके खिलाफ जागरूक करें।



