मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में थराली, कर्णप्रयाग, केदारनाथ, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा घोषणाओं की स्थिति, बजट आवंटन और उनके क्रियान्वयन की समय-सीमा पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित घोषणाओं को तेजी से पूरा किया जाए और विकास कार्यों को तय समयसीमा के भीतर जमीन पर उतारा जाए।
विकास योजनाओं पर विशेष फोकस
सीएम धामी का फोकस विशेष रूप से सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और पर्यटन से जुड़ी योजनाओं पर रहा। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की गति तेज की जाए ताकि आम जनता को जल्द लाभ मिल सके।
चारधाम यात्रा की तैयारियों पर निर्देश
बैठक में मुख्यमंत्री ने आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा का संचालन व्यवस्थित और सुचारु रूप से हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि यात्रा पूरी तरह सुव्यवस्थित तरीके से संचालित हो और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ये भी पढ़े : PM मोदी के देहरादून दौरे पर कांग्रेस का सवाल
सहयोग से ही सफल होगी यात्रा
सीएम धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों और स्थानीय प्रशासन का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग, स्वास्थ्य सुविधाएं, पेयजल और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए।



