हनुमान जयंती पर रामनगर पहुंचे मुख्यमंत्री धामी

हनुमान जयंती

हनुमान जयंती के पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रामनगर पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। शहर में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

मंदिरों में पूजा-अर्चना, प्रदेश की समृद्धि की कामना

मुख्यमंत्री धामी ने रामनगर स्थित बालाजी मंदिर और हनुमान धाम छोई पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की।

दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण कार्यक्रम में हुए शामिल

मंदिर दर्शन के बाद मुख्यमंत्री अग्रवाल सभा में आयोजित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की भूमिका, जनसेवा और केंद्र सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।

धार्मिक पर्यटन से उत्तराखंड को नई पहचान

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और सरकार राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों—केदारखंड और मानसखंड—के सौंदर्यीकरण और आधारभूत संरचना विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का परिणाम है कि हर साल श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे उत्तराखंड को धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिल रही है।

2027 कुंभ की तैयारियां शुरू

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेले की तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश की आस्था का विषय है, इसलिए इसकी तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं।

चारधाम यात्रा और शीतकालीन यात्रा पर अपडेट

मुख्यमंत्री ने कहा कि शीतकालीन यात्रा लगातार जारी है और 19 तारीख को चारधाम के कपाट खुलने तक यह यात्रा जारी रहेगी। अब तक करीब 1 लाख 60 हजार श्रद्धालु शीतकालीन यात्रा के दौरान विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन कर चुके हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य धार्मिक पर्यटन को और अधिक मजबूत बनाना है, ताकि उत्तराखंड की पहचान वैश्विक स्तर पर और सशक्त हो सके।

 

Anjali Rawat
Author: Anjali Rawat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *