उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बहुचर्चित पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी और मुख्य शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को STF ने रुद्रपुर से गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी STF के ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
2020 में दिनदहाड़े हुई थी पार्षद की हत्या
गौरतलब है कि 12 अक्टूबर 2020 को रुद्रपुर के भदईपुरा क्षेत्र में भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश धामी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। घटना की तस्वीरें और वीडियो आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई थीं, जिसने पूरे मामले को और ज्यादा चर्चित बना दिया था।
राजनीतिक रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई का मामला
जांच के दौरान सामने आया था कि हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश और इलाके में वर्चस्व की लड़ाई मुख्य वजह थी। पुलिस जांच में यह भी पता चला था कि इस हत्या को अंजाम देने के लिए बाहर से पेशेवर शूटर बुलाए गए थे। सूत्रों के अनुसार, इस हत्याकांड के लिए करीब 4 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी।
कई राज्यों में दर्ज हैं गंभीर मुकदमे
एसएसपी STF अजय सिंह के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लंबे समय से तकनीकी सर्विलांस और खुफिया इनपुट्स पर काम किया जा रहा था। सटीक सूचना मिलने के बाद STF टीम ने रुद्रपुर में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी रिंकू शर्मा पर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, लूट, डकैती और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
ये भी पढ़े : देहरादून गोलीकांड पर कांग्रेस का हमला
इस गिरफ्तारी के बाद अपराध जगत में हड़कंप मचा हुआ है। STF का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।



