गर्मी की शुरुआत के साथ ही मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। इस बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ने लगा है। सर्दी, खांसी, बुखार और विभिन्न प्रकार के संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। इसके साथ ही कई लोगों में पाचन से जुड़ी समस्याएं भी देखने को मिल रही हैं।
सरकारी दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल और निजी अस्पतालों में इन दिनों बड़ी संख्या में लोग डाइट से जुड़ी सलाह लेने के लिए पहुंच रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि बदलते मौसम में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाए रखना बेहद जरूरी है।
इम्युनिटी बढ़ाने के लिए क्या खाएं
डायटीशियन के अनुसार शरीर को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार लेना जरूरी है। आहार में पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन और विटामिन शामिल करना चाहिए।
इम्युनिटी बढ़ाने के लिए आंवला, संतरा, तुलसी, अमरूद, सेब, अंगूर, अनानास, पपीता और टमाटर जैसे फलों का सेवन फायदेमंद माना जाता है। ये फल शरीर को जरूरी विटामिन और खनिज प्रदान करते हैं और संक्रमण से बचाव में मदद करते हैं।
हर्बल चाय से मिलती है राहत
डिहाइड्रेशन और मौसमी संक्रमण से बचने के लिए हर्बल चाय का सेवन भी लाभदायक माना जाता है। हल्दी की चाय, अदरक, दालचीनी और तुलसी से बनी हर्बल चाय शरीर को गर्माहट देने के साथ-साथ इम्युनिटी को भी मजबूत करती है।
हरी सब्जियां और दाल हैं जरूरी
विशेषज्ञों के मुताबिक शरीर में पोषक तत्वों की पूर्ति के लिए दाल, हरी सब्जियां और प्रोटीन युक्त आहार का सेवन करना जरूरी है। इससे शरीर को ऊर्जा मिलती है और पाचन तंत्र भी बेहतर रहता है।
विशेषज्ञ की सलाह
श्री महंत इंदिरेश अस्पताल की डायटीशियन डॉ. निहारिका शर्मा के अनुसार अदरक, हल्दी और लहसुन में मौजूद प्राकृतिक गुण शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाते हैं। उनका कहना है कि संतुलित आहार लेना बेहद जरूरी है, क्योंकि सही खानपान न केवल बीमारियों से बचाता है बल्कि शरीर को ऊर्जावान और स्वस्थ बनाए रखने में भी मदद करता है।



