शिवरात्रि पर सीएम धामी ने बनखंडी महादेव मंदिर में की पूजा

शिवरात्रि

शिवरात्रि के पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने गृह क्षेत्र खटीमा के वन क्षेत्र में स्थित बनखंडी महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान आशुतोष महादेव के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर विकास के लिए प्रार्थना की। इस दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त भी मंदिर परिसर में उपस्थित रहे और शिवरात्रि पर्व को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया।

मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने सभी शिवभक्तों और प्रदेशवासियों को शिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक संकल्प का प्रतीक है, जो समाज को एकजुट करने का संदेश देता है।

मंदिर दर्शन के पश्चात मुख्यमंत्री धामी खटीमा सिविल कोर्ट परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने अधिवक्ताओं के लिए नवनिर्मित चैंबर्स का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिवक्ता समाज में न्याय व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे आम आदमी के जीवन में न्याय की उम्मीद जगाने का कार्य करते हैं और लोकतंत्र की मजबूती में अहम भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी अधिवक्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि नए चैंबर्स के निर्माण से उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और न्यायिक कार्यों में और अधिक दक्षता आएगी।

विकास और न्याय व्यवस्था पर जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और न्याय व्यवस्था को सशक्त बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर क्षेत्र में संतुलित और समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। शिवरात्रि के आध्यात्मिक माहौल के बीच आयोजित इन कार्यक्रमों ने खटीमा क्षेत्र में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।

Anjali Rawat
Author: Anjali Rawat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स