कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे को लेकर पार्टी में तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेशभर में बैठकों का दौर लगातार जारी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी 4 और 5 जून को उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। उनके दौरे को सफल बनाने के लिए पार्टी के बड़े नेता लगातार संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं।
इसी कड़ी में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी मुख्यालय में पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रिटायर्ड कर्नल रामरतन नेगी और अन्य नेताओं के साथ लंबी बैठक की। बैठक में राहुल गांधी के कार्यक्रमों की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। वहीं दूसरी ओर शाम के समय प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने जिलाध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों के साथ ऑनलाइन बैठक की। इस बैठक में भी राहुल गांधी के दौरे को सफल बनाने पर जोर दिया गया।
4 और 5 जून को उत्तराखंड आएंगे राहुल गांधी
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने जूम मीटिंग के जरिए पार्टी के सभी विधायकों से भी बातचीत की। दोनों बैठकों का मुख्य उद्देश्य राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देना रहा। इस दौरान उनके अल्मोड़ा, पौड़ी और देहरादून में होने वाले कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी नेताओं को कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
‘अग्निवीर’ मुद्दे पर बोल सकते हैं राहुल गांधी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि पौड़ी में 4 जून को होने वाले पूर्व सैनिक सम्मेलन में राहुल गांधी क्या बोलेंगे, यह उन पर निर्भर करेगा। उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित किया जा रहा है। माना जा रहा है कि इस सम्मेलन में राहुल गांधी ‘अग्निवीर’ योजना का मुद्दा प्रमुखता से उठा सकते हैं।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी का यह दौरा संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से भी काफी अहम माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं में उनके दौरे को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
यह भी पढ़े: उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश और तूफान का अलर्ट



