हरिद्वार: उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में बड़ा खुलासा

हरिद्वार

हरिद्वार उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं की सुचिता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। हरिद्वार के सलेमपुर महदूद स्थित राजकीय इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर पुलिस और प्रशासन ने एक बड़े नकल गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 8 फर्जी परीक्षार्थियों को रंगे हाथों पकड़ा है। पकड़े गए आरोपियों में 4 छात्र और 4 छात्राएं शामिल हैं, जो दूसरे असली अभ्यर्थियों की जगह हाईस्कूल हिंदी की परीक्षा दे रहे थे।

फोटो मिलान के दौरान खुला राज

घटना मंगलवार की है, जब परीक्षा हॉल में कक्ष निरीक्षक एडमिट कार्ड की जांच कर रहे थे। जांच के दौरान निरीक्षकों को एडमिट कार्ड पर लगी फोटो और परीक्षा दे रहे छात्र-छात्राओं के चेहरों में अंतर महसूस हुआ। संदेह होने पर जब कक्ष निरीक्षकों ने सख्ती से पूछताछ की, तो सभी 8 ‘मुन्ना भाई’ टूट गए और उन्होंने स्वीकार किया कि वे दूसरे छात्रों के स्थान पर परीक्षा देने आए थे।

सावित्री शिक्षा सदन के छात्रों की जगह दे रहे थे परीक्षा

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये सभी फर्जी परीक्षार्थी सावित्री शिक्षा सदन इंटर कॉलेज, रावली महदूद के निजी (Private) परीक्षार्थियों के स्थान पर बैठे थे। जैसे ही गड़बड़ी का खुलासा हुआ, केंद्र व्यवस्थापक ने तुरंत पुलिस और शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को मामले की सूचना दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आठों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और उनकी उत्तर पुस्तिकाएं जब्त कर लीं।

ये भी पढ़े :  मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनसुनवाई का आयोजन

एसएसपी का बयान: संगठित गिरोह की आशंका

एसएसपी नवनीत सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बताया कि स्कूल प्रबंधन की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने आशंका जताई है कि इस फर्जीवाड़े के पीछे कोई संगठित नकल गिरोह सक्रिय हो सकता है, जो रुपयों के बदले दूसरों की जगह परीक्षा दिलाने का काम कर रहा है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है ताकि इस गिरोह के मास्टरमाइंड तक पहुँचा जा सके। इस घटना के बाद से क्षेत्र के अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है और एडमिट कार्ड की जांच के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।

Anjali Rawat
Author: Anjali Rawat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *