Big Breaking : नरेंद्र नगर के पास गहरी खाई में गिरी स्कूटी, एक महिला की मौत तीन घायल

नरेंद्र नगर। टिहरी जिले के नरेंद्र नगर के पास गुजराडा मार्ग पर आज एक बड़ा हादसा हो गया। घनसाली से देहरादून लौट रहे एक परिवार की स्कूटी (UK07FF0338) अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में स्कूटी चला रही 28 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि वाहन पर सवार एक अन्य महिला और दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम निरीक्षक कविंद्र सजवान के नेतृत्व में तत्काल मौके पर पहुंची। खाई बेहद गहरी और दुर्गम थी, लेकिन SDRF के जवानों ने बिना समय गंवाए रोप और अन्य बचाव उपकरणों की मदद से नीचे उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। स्थानीय लोगों, फायर ब्रिगेड और जिला पुलिस के समन्वय से चलाए गए इस संयुक्त अभियान में घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायल महिलाओं और बच्चों को स्ट्रेचर के सहारे वैकल्पिक मार्ग से मुख्य सड़क तक लाया गया।

तत्काल चारों को एम्बुलेंस द्वारा नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने स्कूटी चालक महिला अंजू को मृत घोषित कर दिया। घायल 50 वर्षीय पुष्पा देवी और उनके साथ मौजूद 6 साल की बच्ची और 4 साल के बच्चे का इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, घनसाली के पावली गाँव के निवासी यह लोग स्कूटी से अपने घर देहरादून जा रहे थे। नरेंद्र नगर के पास गुजराडा मार्ग पर अचानक चालक अंजू ने स्कूटी से नियंत्रण खो दिया और वाहन सीधे गहरी खाई में जा गिरा। एक ही स्कूटी पर चार लोगों का सवार होना भी हादसे का एक कारण माना जा रहा है।

मृतक और घायलों का विवरण :-

  • मृतक: अंजू (28 वर्ष), पत्नी सलवीर, निवासी- पावली, पोस्ट घनसाली, तहसील भिलंगना।
  • घायल: पुष्पा देवी (50 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय भरत सिंह, निवासी- पावली, पोस्ट घनसाली, तहसील भिलंगना।
  • घायल: 6 वर्षीय बालिका।
  • घायल: 4 वर्षीय बालक।

SDRF, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से तीन जिंदगियों को बचा लिया गया, लेकिन इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

uttarakhandtime
Author: uttarakhandtime

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स