केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah सात मार्च को धर्मनगरी Haridwar के दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान वे जन संवाद कार्यक्रम में भाग लेने के साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम को सरकार और संगठन दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि इस मंच से आगामी विधानसभा चुनाव का शंखनाद भी हो सकता है।
प्रदेश टोली की बैठक में चुनावी मंथन
शाह के कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश टोली की अहम बैठक भी आयोजित होगी। इसमें कोर कमेटी के सदस्य, पूर्व मुख्यमंत्री Vijay Bahuguna, Tirath Singh Rawat, प्रदेश के तीनों महामंत्री, कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल होंगे।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय नेतृत्व प्रदेश में राजनीतिक स्थायित्व का संदेश देने और सरकार बदलाव की अटकलों पर विराम लगाने की रणनीति तैयार कर रहा है।
जीत की हैट्रिक और एंटी-इनकंबेंसी पर फोकस
बैठक में भाजपा नेतृत्व यह आकलन करेगा कि पार्टी किन क्षेत्रों में मजबूत है और कहां संगठन को और सुदृढ़ करने की आवश्यकता है। लगातार दो कार्यकाल के बाद संभावित एंटी-इनकंबेंसी को प्रो-इनकंबेंसी में बदलने की रणनीति पर भी चर्चा होगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बैठक आगामी चुनावों के लिहाज से दिशा तय करने वाली साबित हो सकती है।
23 मार्च को पीएम मोदी का प्रस्तावित दौरा
गृह मंत्री के दौरे के बाद 23 मार्च को प्रधानमंत्री Narendra Modi का भी उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है। सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भाजपा संगठन ने दोनों दौरों की तैयारियां तेज कर दी हैं। माना जा रहा है कि इन कार्यक्रमों के साथ ही पार्टी पूरी तरह चुनावी मोड में आ जाएगी।
ये भी पढ़े : मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनसुनवाई का आयोजन
रणनीति को पुख्ता करने पर जोर
प्रदेश टोली की बैठक में भविष्य की चुनावी रणनीति को और अधिक मजबूत बनाने, संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करने और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने पर विशेष जोर रहेगा। सात मार्च का यह दौरा उत्तराखंड की राजनीति में महत्वपूर्ण संदेश देने वाला माना जा रहा है, जहां से चुनावी तैयारियों की औपचारिक शुरुआत देखी जा सकती है।



