उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अभी और बिगड़ा रहने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 25 अगस्त तक प्रदेश भर में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। देहरादून समेत टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों के कुछ इलाकों में गर्जन और बिजली चमकने के साथ मूसलाधार बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। एहतियात के तौर पर देहरादून में आज कक्षा एक से 12वीं तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखे गए हैं।
लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार को बीच में धूप खिलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी, लेकिन शाम को फिर शुरू हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया। हालांकि, भारी बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेशभर में जनजीवन प्रभावित हुआ है, जिसके चलते वर्तमान में 107 सड़कें बंद पड़ी हैं। इनमें सबसे अधिक ग्रामीण मार्ग प्रभावित हुए हैं और प्रशासन द्वारा रास्ते खोलने का काम तेजी से किया जा रहा है।



