उत्तराखंड में भारी बारिश से हालात बिगड़े, मकान ढहा; कई इलाकों में भूस्खलन

कोटद्वार

कोटद्वार :के द्वारीखाल ब्लॉक के मेहरगांव (भलगांव) में भारी बारिश के बीच एक मकान ढह गया। हादसे में चार लोग मलबे में दब गए, जिनमें से एक महिला को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर राहत-बचाव अभियान में जुटी हैं। एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी घटनास्थल पर भेजी गई है।

पौड़ी जिले में लगातार बारिश और भूस्खलन को देखते हुए जिलाधिकारी ने आपदा कंट्रोल रूम पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की और संवेदनशील क्षेत्रों में राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। सतपुली-गुमखाल मार्ग को जेसीबी की मदद से खोल दिया गया है, जबकि गुमखाल-द्वारीखाल-महरगांव मार्ग को सुचारू करने का काम जारी है।

बैरगांव में भूस्खलन से घायल महिला को सतपुली हंस चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने सड़क, बिजली और पेयजल जैसी आवश्यक सेवाओं की लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं।

बारिश के कारण सिलगाड़ और लंगूरगाड़ नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे आसपास के इलाकों में खतरा बना हुआ है। वहीं, NH-534 पर कई जगह भूस्खलन के कारण यातायात प्रभावित हुआ है।

उधर, ज्योतिर्मठ की उर्गम घाटी में पंचम केदार कल्पेश्वर महादेव मंदिर के पास भारी भूस्खलन हुआ है। पहाड़ी से आया मलबा मंदिर परिसर और आसपास जमा हो गया, जिससे मंदिर तक श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित है। मलबा हटने के बाद ही रास्ता पूरी तरह खुल पाएगा।

जिला प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

 

uttarakhandtime
Author: uttarakhandtime

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स