15 जून के बाद केदारनाथ हेली सेवा बुकिंग जल्द शुरू, जून के पहले सप्ताह में खुलेगा नया स्लॉट

Heli seva

चारधाम यात्रा के तहत बाबा केदारनाथ धाम जाने वाले देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए एक राहत भरी खबर है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) जून के पहले सप्ताह में केदारनाथ हेली सेवा बुकिंग का अगला स्लॉट खोलने जा रहा है। इस नए स्लॉट के लाइव होने के बाद श्रद्धालु 15 जून के बाद की तय यात्रा तिथियों के लिए अपने हेलीकॉप्टर टिकट बुक कर सकेंगे।

यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डॉ. आशीष चौहान ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में केदारनाथ हेली सेवा के तीनों सेक्टरों (गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी) में कुल आठ हेलीकॉप्टर कंपनियाँ अपनी सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के भारी उत्साह के चलते 15 जून तक की सभी टिकटें पहले ही पूरी तरह बुक हो चुकी हैं। अब यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए अगले चरण की बुकिंग की तैयारियां अंतिम दौर में हैं और जल्द ही नया स्लॉट आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव कर दिया जाएगा।

पारदर्शिता के लिए 90% ऑनलाइन बुकिंग
टिकटों की कालाबाजारी रोकने और वितरण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखने के लिए इस बार भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। डॉ. चौहान ने साफ किया कि कुल उपलब्ध टिकटों में से 90 प्रतिशत टिकट केवल ऑनलाइन माध्यम से ही बुक किए जा सकेंगे। वहीं, आपातकालीन और स्थानीय व्यवस्थाओं के लिए केवल 10 प्रतिशत टिकट काउंटर (ऑफलाइन) के माध्यम से दिए जाने की व्यवस्था की गई है।

मौसम के फीडबैक पर टिकी व्यवस्था
पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बदलते मौसम और उसकी अनिश्चितता को देखते हुए प्रशासन बेहद सतर्क है। यूकाडा के मुताबिक, मौसम विशेषज्ञों से लगातार पल-पल का फीडबैक लिया जा रहा है। शासन और मुख्यमंत्री के सख्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर अगले स्लॉट की बुकिंग प्रक्रिया संचालित की जाएगी, ताकि केदारनाथ पहुंचने वाले किसी भी यात्री को परेशानी का सामना न करना पड़े और उनकी यात्रा सुरक्षित व सुगम हो सके।

uttarakhandtime
Author: uttarakhandtime

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स