हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। राजा बिस्कुट चौक और आसपास के इलाकों में बुलडोजर चलाकर सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए कब्जों को हटाया गया।
बुलडोजर चलाकर हटाए गए अवैध कब्जे
अभियान के दौरान प्रशासन की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सकी। सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अस्थायी ढांचे और अवैध निर्माणों को बुलडोजर से हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त किया गया।
नोटिस के बाद भी नहीं हटाया गया अतिक्रमण
उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई, उन्हें पहले ही नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन तय समय सीमा के भीतर निर्देशों का पालन नहीं किया गया, जिसके चलते प्रशासन को मजबूरन बुलडोजर कार्रवाई करनी पड़ी।
दोबारा कब्जा करने पर होगी कड़ी कार्रवाई
प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में दोबारा अवैध कब्जा किया गया तो उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़े : उत्तराखंड में बिजली संकट गहराया
आगे भी जारी रहेगा अभियान
प्रशासन का कहना है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आने वाले दिनों में भी ऐसे ही सख्त कदम उठाए जाएंगे ताकि सार्वजनिक स्थानों को सुरक्षित और व्यवस्थित रखा जा सके।



